Newsportal

किस्से डांसिंग क्वीन सरोज खान के / सिर्फ 13 की उम्र में शादी हो गई और फिर ताउम्र बेबाक बनी रही, सलमान-शाहरुख को भी लताड़ लगा देती थी

0 190

सरोज खान अब हमारे बीच नहीं हैं। लेकिन ऐसा नहीं है कि हमेशा डांस करते मुस्कुराते चेहरे के पीछे कोई दुख, कोई गुस्सा, कोई परेशानी न रही हो। सरोज खान की निजी जिंदगी के साथ-साथ उनकी प्रोफेशनल लाइफ भी उतार-चढ़ाव से भरी रही। सरोज खान जुबान की सख्त थीं, इसलिए वे अक्सर विवादों में भी रहीं। शुरुआत करते हैं उनकी निजी जिंदगी के एक किस्से से, जब बच्चे होने के बाद सरोज को पता चला था कि उनका पति शादीशुदा और चार बच्चों का बाप था।

13 की उम्र में की थी शादी

सरोज खान का असली नाम निर्मला नागपाल था। और उन्होंने महज 13 साल की उम्र में अपने ही गुरू बी सोहनलाल से शादी की थी। सरोज ने इस शादी के लिए इस्लाम अपना लिया था। बी सोहन लाल सरोज से उम्र में 30 साल बड़े थे और यह उनकी दूसरी शादी थी। सोहनलाल पहले से ही शादीशुदा थे। सरोज को ये बात बच्चे पैदा होने के बाद पता चली। वहीं सोहनलाल ने बच्चों को अपना नाम देने से इनकार कर दिया इसके बाद दोनों अलग हो गए।सोहनलाल से अलग होने के बाद सरोज ने सरदार रोशन खान से शादी की।

2016 में सलमान पर लगाया था इग्नोर करने का आरोप

सरोज, एक बार एक पेशेंट की सलमान खान से बात करना चाहती थीं। उन्‍होंने अपने एक साथी से कहा कि वह सलमान को फोन करके कहें कि मास्टरजी बात करना चाहती हैं लेकिन सलमान ने उनका फोन लेने से इनकार कर दिया था। सरोज ने कहा था कि यह बेहद बुरा रवैया है, सलमान उन्‍हें जानते हैं। उन्होंने कितनी ही फिल्मों में साथ काम कियाहै लेकिन इस तरह का व्यवहार अपमान करने जैसा है। पिछले साल सलमान ने सरोज से मुलाकात की थी और उनके साथ फिल्म करने का वादा किया था।

शाहरुख को मारा था थप्पड़

करियर के शुरुआती दिनों में शाहरुख खान जब एक के बाद एक तीन शिफ्टों में काम कर रहे थे, तब वे लगातार काम के चलते थक गए थे। एक दिन उन्होंने सरोज से कहा- सरोज जी, इतना काम है, थक गया हूं। तब सरोज खान ने उन्हें एक थप्पड़ मारते हुए बेहद प्यारी सलाह दी थी कि – कभी ये मत कहना कि ज्यादा काम है। इस फील्ड में काम कभी भी जयादा नहीं होता।

तम्मा तम्मा के रीमिक्स से नाखुश थीं सरोज

2017 में बद्रीनाथ की दुल्हनिया की रिलीज के समय भी सरोज खान को इस बात का दुख था कि तम्मा तम्मा गाने की कोरियोग्राफी करने के बावजूद उन्हें माधुरी दीक्षित जितनी तवज्जोह नहीं मिली थी। सरोज ने कहा था- हो सकता है मास्टर जी पुरानी हो गई हैं, लेकिन माधुरी नहीं। इसलिए उन्होंने माधुरी को बुलाया। हालांकि बाद में वरुण ने कहा था मैं इस बात के लिए माफी मांगने तैयार हूं। इसी घटना के लिए सरोज खान ने कहा था- उन लोगों को मुझे क्या बुलाना चाहिए। उन्होंने सोचा होगा कि जब मेरीअसिस्टेंट माधुरी वहां है तो उन्हें मेरी जरूरत नहीं महसूस हुई।

हॉलीवुड का प्रोजेक्ट भी किया था

2016 में एक इंटरव्यू में सरोज खान ने बताया था कि वे एक हॉलीवुड फिल्म कर रही हैं। डेक्कन हेराल्ड की खबर के अनुसार सरोज ने कहा था- फिल्म का नाम नहीं है। लेकिन ये तीन लोगों की कहानी है जो ये जानते थे कि गांधीजी की हत्या होने वाली है। सरोज ने यह बात एनएन कॉलेज मुंबई के इवेंट के दौरान बताई थी। हालांकि इस प्रोजेक्ट का काम कितना हुआ, यह बात पता नहीं चल सकी। इसी बीच उन्होंने डायरेक्शन में जाने के सवाल पर भी कहा था कि मैं डायरेक्शन तब करूंगी जब मेरा कोरियोग्राफी का काम कम हो जाएगा।

गणेश आचार्य ने लगाए थे साजिश के आरोप

जनवरी 2020 में गणेश आचार्य ने सरोज खान पर उनके खिलाफ साजिश और इंडस्ट्री में भ्रष्टाचार के आरोप लगाए थे। यह बयान तब दिया था जब एक अन्य महिला ने गणेश पर काम के बदले जबरन एडल्ट वीडियो देखने कहा था। उस महिला ने गणेश के खिलाफ पुलिस में शिकायत की थी। तब गणेश ने कहा था- सरोज खान और उनके कलीग्स इंडस्ट्री में करप्शन कर रहे हैं। यह मामला सिने डांसर्स ऐसोसिएशन में सरोज खान के आने के बाद से और ज्यादा बढ़ता गया था।

फराह खान ने फिल्म में करवाई थी मिमिक्री

2014 में आई फराह खान की फिल्म हैप्पी न्यूईयर में कीकू शारदा कोरियोग्राफर फरोज खान के रोल में दिखाए गए थे। तब सरोज खान ने इस पर आपत्ति जताते हुए इसे अपना अपमान बताया था। हालांकि जब कीकू से इस बारे में पूछा गया था तो उन्होंने कहा था- सरोज जी एक इंस्टीट्यूशन हैं, हम कभी भी उनका अपमान नहीं करेंगे। यह सिर्फ एक डांस टीचर का रोल था। जिसे मैं कई सालों से टीवी पर करता आ रहा हूं।

कास्टिंग काउच पर कही थी चौंकाने वाली बात

2018 में सरोज खान ने कास्टिंग काउच को लेकर चौंकाने वाला बयान दिया था। एएनआई की एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में सरोज ने कहा था- ये तो चला आ रहा है बाबा आदम के जमाने से। हर लड़की के ऊपर कोई न कोई हाथ साफ करने की कोशिश करता है। गवर्नमेंट के लोग भी करते हैं। तुम फिल्म इंडस्ट्री के पीछे क्यों पड़े हो, वो कम से कम रोटी तो देती है। रेप करके छोड़ नहीं देती। ये लड़की के ऊपर है कि तुम क्या करना चाहती हो। तुम उसके हाथ में नहीं आना चाहती हो तो नहीं आओगी, तुम्हारे पास आर्ट है तो तुम क्यों बेचोगे अपने आपको। फिल्म इंडस्ट्री को कुछ मत कहना। वो हमारा माई बाप है।

#sarojkhan

सरोज खान की बेस्ट कोरियोग्राफी / श्रीदेवी, माधुरी समेत सरोज खान के इशारों पर नाचा पूरा बॉलीवुड, अपनी स्टेप्स से सुपरहिट गानों में लगाए चार चांद

बॉलीवुड की सबसे लोकप्रिय डांस कोरियोग्राफर सरोज खान ने कई बेहतरीन गानों में चार चांद लगाए हैं। श्रीदेवी के हवा हवाई गाने से लेकर माधुरी के धक-धक गाने तक सरोज खान ने अपनी स्टेप्स से लोगों को थिरकने पर मजबूर कर दिया है। अपने 50 से ज्यादा सालों के करियर में सरोज ने लगभग 2000 गाने कोरियोग्राफ किए हैं जिनमें से कुछ ब्लॉकबस्टर गानों के आइकॉनिक स्टेप्स आज भी लोगों के जहन में हैं। आइए देखते हैं सरोज खान की कोरियोग्राफी में बने ये गाने।

हवा हवाई (1987)- अनिल कपूर और श्रीदेवी स्टारर फिल्म मिस्टर इंडिया के गाने हवा हवाई ने आते साथ ही लोगों के दिलों में जगह बना ली। इस ब्लॉकबस्टर गाने में श्रीदेवी सरोज खान द्वारा दी गई स्टेप्स करते नजर आ रही हैं। कई सालों से फिल्मों के गाने कोरियोग्राफ कर रहीं सरोज खान को इसी गाने से फेम हासिल हुआ था। इस फिल्म का दूसरा गाना काटे नहीं कटते दिन ये रात भी सरोज खान द्वारा कोरियोग्राफ किया गया था।

मेरे हाथों में नौ नौ चूड़ियां हैं (1989) – साल 1989 में आई श्रीदेवी और ऋषि कपूर स्टारर फिल्म ‘चांदनी’ में हर किसी ने फिल्म के साथ-साथ फिल्म के गानों को भी खूब पसंद किया था जिसका पूरा श्रेय सरोज खान की कोरियोग्राफी और श्रीदेवी को जाता है। श्रीदेवी पर फिल्माया गया गाना, ‘मेरे हाथों में नौ नौ चूड़ियां है’ आज भी सबकी जुबां पर चढ़ा हुआ है। इस फिल्म के टाइटल सॉन्द ‘चांदनी ओ मेरी चांदनी’ को भी सरोज खान ने ही कोरियोग्राफ किया था।

एक दो तीन (1988)- ‘तेजा’ब फिल्म का गाना ‘एक दो तीन’ वही है जिसने माधुरी को एक ही रात में स्टार बना दिया था। इस गाने की सभी स्टेप्स सरोज खान की थीं। गाने के आइकॉनिक स्टेप आज भी हर किसी को थिरकने पर मजबूर कर देते हैं।

धक धक करने लगा (1992)- अनिल कपूर और माधुरी दीक्षित स्टारर फिल्म ‘बेटा’ के गाने ‘धक-धक करने लगा’ में सरोज खान ने अपनी बेहतरीन कोरियोग्राफी का नमूना पेश किया है। ये वही गाना है जिसके बाद माधुरी को धक-धक गर्ल का टाइटल मिला था। गाने में दिखाए गए कुछ बोल्ड स्टेप्स के चलते गाने को कई जगह आलोचना भी झेलनी पड़ी थी।

डोला रे डोला/ मार डाला (2002)- साल 2000 में रिलीज हुई मल्टीस्टारर फिल्म देवदास एक ब्लॉकबस्टर हिट साबित हुई। इस फिल्म की कहानी के अलावा गानों को भी इसके हिट होने का श्रेय दिया गया जिन्हें सरोज खान ने कोरियोग्राफ किया। इस समय शायद ही ऐसी कोई यंग लड़की रही हो जिसने डोला रे गाने के स्टेप ना किए हों। इसके अलावा मार डाला गाने को भी सरोज ने ही अपने स्टेप्स दिए। जब इस गाने की शूटिंग की गई तो माधुरी प्रेगनेंट थी जिससे शूटिंग में कुछ दिक्कतें भी आईं मगर जब फिल्म रिलीज हुई तो फिर एक बार सरोज के काम को लोगों की खूब सराहना मिली।

इन आइकॉनिक हिट गानों के अलावा ‘ये काली काली आंखे’, ‘चुरा के दिल मेरा’, ‘मेंहदी लगा के रखना’, ‘जरा सा झूम लूं मैं’, ‘रमता जोगी’, ‘अलबेला सजन आयो रे’ जैसे कई गाने भी कोरियोग्राफ किए। माधुरी दीक्षित हमेशा से सरोज की पसंदीदा स्टूडेंट रही हैं। उन्हीं के साथ सरोज ने ‘कलंक’ फिल्म के गाने ‘तबाह’ को कोरियोग्राफ किया। इसमें उन्होंने आलिया भट्ट को भी अपने इशारों में नचाया है।

यादें शेष / फिल्मी सेट्स पर कलाकारों के साथ सरोज खान की थी बेहद अच्छी बॉन्डिंग, देखें अनसीन फोटोज

बॉलीवुड की दिग्गज कोरियोग्राफर सरोज खान अब हमारे बीच नहीं हैं। गुरुवार की रात दिल का दौरा पड़ने से मुंबई में उनका निधन हो गया। वे 71 साल की थीं और पिछले कुछ दिनों से बीमार चल रही थीं। 40 साल से ज्यादा समय के अपने करियर में उन्होंने दो हजार से ज्यादा गानों और सैकड़ों स्टार्स को कोरियोग्राफ किया। श्रीदेवी, माधुरी दीक्षित, मीनाक्षी शेषाद्री, ऐश्वर्या राय समेत कई एक्ट्रेसेस उनके निर्देशन में थिरकती नजर आईं और इन स्टार्स की सफलता का बड़ा क्रेडिट सरोज खान को भी जाता है। बॉलीवुड स्टार्स उन्हें प्यार से मास्टरजी कहकर बुलाते थे।

सरोज खान का जन्म 22 नवंबर 1948 को किशनचंद संधू सिंह और नोनी संधू सिंह के घर पर हुआ था। उनका असली नाम निर्मला था, उनके जन्म के बाद उनका परिवार पाकिस्तान से भारत आ गया था। (श्रीदेवी और शेखर कपूर के साथ सरोज खान)
सरोज खान ने तीन साल की उम्र में फिल्म ‘नजराना’ में बाल कलाकार के रूप में काम शुरू किया था। इस फिल्म में वे श्यामा के रूप में नजर आई थीं। (फोटो में माधुरी के साथ सरोज खान)
जब सरोज 13 साल की हुईं तो प्रसिद्ध शास्त्रीय नर्तक और कोरियोग्राफर सोहनलाल की असिस्टेंट बन गईं। जिनके साथ रहकर सरोज ने अपनी कला को और निखारा। (फोटो में श्रीदेवी के साथ सरोज खान)
सोहनलाल के साथ काम करते हुए सरोज उन्हें दिल दे बैठीं, और फिर दोनों ने शादी कर ली। उस वक्त सरोज की उम्र सिर्फ 13 साल थी, जबकि सोहनलाल 41 साल के थे और पहले से शादीशुदा होने के साथ ही 4 बच्चों के पिता भी थे। इसके सालभर बाद ही सरोज मां भी बन गईं। (फोटो में शाहरुख खान के साथ सरोज खान)
50 के दशक में सरोज ने बैकग्राउंड डांसर के रूप में नई पारी की शुरुआत की। (फोटो में माधुरी और सरोज खान)
उधर पति से हुए विवाद के बाद 1965 में वे उनसे अलग हो गईं, हालांकि पति को आए हार्ट अटैक के बाद ये दोनों फिर एक हो गए। (फोटो में श्रीदेवी के साथ सरोज)
सोहनलाल कुछ वक्त बाद सरोज और उनके दो बच्चों को छोड़कर मद्रास (चेन्नई) चले गए थे, जिसके बाद उन्होंने सरदार रोशन खान से शादी कर ली थी। एक इंटरव्यू में सरोज ने बताया था कि उन्होंने अपनी मर्जी से इस्लाम धर्म कुबूल किया था। (फोटो में माधुरी की साथ सरोज)
कुछ सालों तक बतौर बैकग्राउंड डांसर काम करने के बाद सरोज असिस्टेंट डायरेक्टर बनीं और 1974 में आई फिल्म ‘गीता मेरा नाम’ से उन्हें बतौर स्वतंत्र कोरियोग्राफर पहला ब्रेक मिला था। उस फिल्म में हेमामालिनी लीड रोल में थीं। (फोटो में यश चोपड़ा और श्रीदेवी के साथ सरोज)
अपने करियर में सरोज ने करीब 2 हजार से ज्यादा गानों को कोरियोग्राफ किया, जिसके चलते कोरियोग्राफी के मामले में उन्हें ‘मदर ऑफ डांस’ भी कहा जाता है।

मास्टरजी की डांट / काजोल, जूही समेत कई एक्ट्रेस को पड़ चुकी है सरोज खान से फटकार, करीना से गुस्से में कहा था- ‘ऐ लड़की कमर हिला’

बॉलीवुड की मशहूर डांस कोरियोग्राफर सरोज खान ने मुंबई के अस्पताल में अपनी आखिरी सांसे ली हैं। सरोज कई दिनों से एडमिट थीं जिसके बाद अचानक दिल का दौरा पड़ने से उनकी मौत हो गई। कोरियोग्राफर सरोज ने अपने बॉलीवुड करियर में कई सितारों को अपने इशारों पर नचाया है इतनी ही नहीं सरोज खान अपनी सख्ती के लिए भी कई बार चर्चा में रही हैं। चाहे करीना कपूर हो या जूही चावला हर कोई मास्टरजी की डांट सुन चुका है।

करीना को सबके सामने पड़ी थी सरोज की डांट

सरोज खान ने करीना कपूर के पॉपुलर गाने ये इश्क हाय और दिल मेरा मुफ्त का कोरियोग्राफ किए थे। दोनों ही गाने काफी मशहूर रहे हैं। हाल ही में डांस इंडिया डांस के सेट पर करीना ने सरोज के साथ काम करने का एक्सपीरिएंस शेयर किया है। उन्होंने बताया कि दिल मेरा मुफ्त का गाने की शूटिंग के दौरान उन्हें जमकर डांट पड़ी थी। रात के एक बजे भी जब करीना ने सही स्टेप नहीं किए तो सरोज ने गुस्से में कहा था, ऐ लड़की कमर हिला, नहीं तो शॉट ओके नहीं होगा। इसके अलावा एक्ट्रेस ने जब वी मेट और अजनबी फिल्म के गानों की शूटिंग के भी मजेदार किस्से शेयर किए जब उन्हें डांस के लिए सरोज की फटकार पड़ी थी।

काजोल, आमिर और जूही को कहा बेशर्म

साल 1997 में रिलीज हुई फिल्म इश्क के गाने सरोज जी ने कोरियोग्राफ किए थे। एक इंटरव्यू के दौरान इस फिल्म से जुड़ा किस्सा सुनाते हुए काजोल ने बताया कि सभी स्टार्स को मास्टरजी की जमकर डांट पड़ी थी। फिल्म का एक गाना चारो लीड एक्टर्स पर फिल्माया गया था जिसे सरोज ने कोरियोग्राफ किया था। चारो स्टेप कर ही रहे थे कि अचानक सरोज ने चिल्लाते हुए कहा, कट कट.. कितने बेशर्म हो तुमलोग। देखो, तुम लोगों को अजय की तरह डांस करना है। तुम लोग क्या कर रहे हो। सिर्फ अजय ही मेरे स्टेप फॉलो कर रहा है। अजय देवगन हमेशा से एक बुरे डांसर रहे हैं ऐसे में सरोज की ये बात सुनकर सभी काफी हैरान हो गए थे।

इश्क फिल्म के गाने सरोज खान ने किए कोरियोग्राफ।

शाहरुख को मारा था थप्पड़

अपने करियर की शुरुआत में शाहरुख ने कई बेहतरीन गानों में सरोज खान के साथ काम किया है। एक इंटरव्यू के दौरान शाहरुख ने बताया कि वो उस समय ज्यादा काम होने के चलते तीन शिफ्ट में काम करते थे। उन्होंने एक बार सरोज से कहा था कि वो सभी काम से थक चुके हैं। इसके जवाब में सरोज ने उन्हें धीरे से थप्पड़ मारते हुए कहा था कि ऐसा कभी नहीं कहना चाहिए कि मेरे पास बहुत काम हैं।

सरोज खान के साथ शाहरुख खान।

दरियादिली / जब इंडस्ट्री में नहीं मिल रहा था काम तो सरोज खान की मदद के लिए आगे आए थे सलमान खान, पूछा था-‘मेरे साथ काम करेंगी’?

कोरियोग्राफर सरोज खान अब इस दुनिया में नहीं हैं। 71 साल की उम्र में दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हो गया। सरोज जी का फिल्मी करियर शानदार रहा। अपने 40 साल के करियर में उन्होंने 2 हजार से ज्यादा गाने कोरियोग्राफ किए। लेकिन पिछले दो सालों में सरोज जी के पास ज्यादा काम नहीं था। मार्च 2019 में खबरें थी कि उन्हें इंडस्ट्री में काम नहीं मिल रहा है और वह क्लासिकल डांस सिखाकर अपना गुजारा कर रही हैं।

सलमान ने की थी मदद: इस खबर के सामने आने के बाद सलमान खान उनकी मदद के लिए आगे आए थे। उन्होंने सरोज जी से मुलाकात की थी। इसके बाद सलमान ने उनसे पूछा था-‘मेरे साथ काम करेंगी’? इस मुलाकात के बाद सरोज ने सलमान की तारीफ करते हुए कहा था-‘मैं सलमान को उनकी जुबान की वजह से ही जानती हूं। वो जो कहते हैं, उसे पूरा करते हैं।’ वादे को निभाते हुए सलमान ने दबंग 3 में साई मांजरेकर की ट्रेनिंग की जिम्मेदारी सरोज खान को दी थी।

कटरीना के कारण हुआ था नुकसान: सरोज खान 2018 में आई फिल्म ठग्स ऑफ़ हिंदोस्तान में कटरीना कैफ को कोरियोग्राफ करने वाली थीं लेकिन ऐसा हो नहीं सका। दरअसल, ‘ठग्स…’ की शूटिंग शुरू होने पर कटरीना ने एन वक्त पर कह दिया था कि वह बिना रिहर्सल किसी गाने की शूटिंग नहीं करेंगी। ऐसे में सरोज जी को रिप्लेस कर प्रभु देवा को कटरीना के डांस कोरियोग्राफ करने की जिम्मेदारी दे दी गई थी।

फिल्म पिटने के बाद सरोज खान ने एक इंटरव्यू में कहा था, ‘कुछ समय पहले मेरा इंटरेस्ट खो चुका था लेकिन इंडस्ट्री में डांस की हालत देखते हुए मैं इंडस्ट्री के लिए कुछ अच्छा करना चाहती हूं। मैं एक्ट्रेसेस को जज नहीं करती क्योंकि वह तो किसी और के बताए डांस मूव्स गाने में करती हैं तो उनकी कोई गलती नहीं।’

Leave A Reply

Your email address will not be published.