Newsportal

मोहन लाल झुंबा का नाम जिला कांग्रेस प्रधान के लिए सबसे आगे

समूह पार्षदों ने झुंबा को प्रधान बनाने का प्रस्ताव किया था पेश

0 196

 

बठिडा, 21 मई (ब्यूरो) जिला अध्यक्ष के चुनाव को लेकर कांग्रेस में अंतरकलह बढ़ती ही जा रही है। इस पद के लिए जिला योजना बोर्ड के पूर्व चेयरमैन एडवोकेट राजन गर्ग, मार्कफेड के डायरेक्टर टहल सिंह संधू, हरी ओम ठाकुर आदि के नाम उछलने लगे हैं। इनमें मार्केट कमेटी के चेयरमैन मोहन लाल झुंबा का नाम सबसे ऊपर है।
याद रहे पिछले दिनों जिला प्रधान के चयन को लेकर मनप्रीत बादल व राजा वडि़ग के समर्थक आमने-सामने हो गए हैं। मनप्रीत गुट ने मोहन लाल झुंबा का नाम प्रधानगी के लिए पेश किया है। इस संबंध में राजा वड़िग को पत्र लिखकर मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर व डिप्टी मेयर सहित समूह पार्षदों ने कहा है कि प्रधानगी के चयन के लिए मनप्रीत बादल से बातचीत करके उनकी सहमति ली जाए। याद रहे किसी समय झुंबा और मनप्रीत बादल के रिश्तों में खटास आ गई थी। इसका कारण उनका राजा वडिंग से निकटता बताई जाती थी, लेकिन इलेक्शन से पहले मनप्रीत बादल और झुंबा के संबंध सुधर गए थे। पर झुंबा लाख कोशिश कर के भी बदलाव की बयार में मनप्रीत की सीट ना बचा पाए।
बहरहाल, राज्य के कांग्रेस प्रधान बदलने के बाद बठिडा में भी कांग्रेस के जिला प्रधान को बदलने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इसके चलते गत बुधवार को पूर्व वित्तमंत्री मनप्रीत सिंह बादल के ग्रुप ने आब्जर्वर के तौर पर पहुंचे हरियाणा के फरीदाबाद के विधायक नीरज शर्मा को अपना प्रस्ताव पेश किया। इसमें उन्होंने बताया कि बठिडा शहर का प्रधान बनाने के लिए शहरी के हलका इंचार्ज मनप्रीत सिंह बादल की राय ली जाए। उनकी सहमति के साथ ही प्रधान बनाया जाए। उन्होंने यह प्रस्ताव आब्जर्वर को पंजाब कांग्रेस के प्रधान अमरिदर सिंह राजा वड़िग के नाम पर दिया है। नगर निगम बठिंडा की मेयर रमन गोयल, सीनियर डिप्टी मेयर अशोक प्रधान व डिप्टी मेयर मास्टर हरमंदर सिंह के हस्ताक्षर के साथ समूह कांग्रेस वर्कर व पदाधिकारियों के साथ पार्षदों ने यह प्रस्ताव पेश करते हुए बताया के मोहन लाल झुंबा पहले भी दो बार प्रधान रह चुके हैं। उनको बतौर प्रधान काम करने का काफी तजुर्बा है। उनका बठिडा शहर में काफी प्रभाव भी है। इसके साथ ही उनके द्वारा बलजिंदर सिंह व हरविंदर सिंह लड्डू को ब्लाक प्रधान बनाने का भी प्रस्ताव पेश किया गया। मौजूदा समय में भी ये दोनों ब्लाक प्रधान ही हैं।
गौरतलब है कि कांग्रेस की जिला प्रधानगी को लेकर गत मंगलवार को राजस्थान के सचिव ओमप्रकाश जोधिया के सामने राजा वड़िग व मनप्रीत बादल के समर्थकों के बीच काफी बहसबाजी हुई थी। ओम प्रकाश जोधिया बठिडा में प्रधान का चुनाव करवाने के लिए डीआरओ के तौर पर पहुंचे थे। इस दौरान दोनों पक्षों में मामला शांत करवा दिया गया, लेकिन बुधवार को मनप्रीत के ग्रुप में अपना प्रस्ताव रख दिया। यहां यह बताना जरूरी है कि मोहन लाल झुंबा राजा वडिंग के करीबीयों में शुमार है।

कांग्रेस के पंजाब प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िग के साथ मोहन लाल झुंबा (फाइल फोटो)

Leave A Reply

Your email address will not be published.